खंडणी और जबरन चोरी के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार,सातारा,सांगली,पुणे और छत्रपति संभाजीनगर में तलाश के बाद नेवासा क्षेत्र से दबोचा

अहिल्यानगर : खंडणी मांगकर मारपीट करने और जबरन नकदी छीनने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को अहिल्यानगर स्थानीय अपराध शाखा (LCB) की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रतिक गोकुल पाचपुते (25), निवासी काष्टी, तहसील श्रीगोंदा, जिला अहिल्यानगर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता विजय भाऊसाहेब शेळके (41), निवासी गुणवडी, तहसील अहिल्यानगर, श्रीगोंदा से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान टाकळी लोणार से पिसोरे खांड जाने वाले रास्ते पर प्रतिक पाचपुते और उसके साथियों ने उन्हें तथा गवाहों को रोक लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी और लोहे की रॉड से मारपीट कर 50 हजार रुपये की खंडणी मांगी। रकम देने से इनकार करने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पास से नकद राशि जबरन छीन ली।
इस मामले में श्रीगोंदा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 804/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अहिल्यानगर के पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन ने स्थानीय अपराध शाखा को फरार आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस निरीक्षक संतोष मुटकुळे के मार्गदर्शन में दो टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी प्रतिक पाचपुते मामला दर्ज होने के बाद से फरार था। उसके सातारा, सांगली, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर जिलों में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
इसी बीच 17 सितंबर 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी शिंगवे तुकाई, तहसील नेवासा क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर प्रतिक गोकुल पाचपुते को हिरासत में ले लिया। आरोपी को आगे की जांच के लिए श्रीगोंदा पुलिस थाने में पेश किया गया है। मामले की जांच श्रीगोंदा पुलिस कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक संतोष मुटकुळे, पुलिस उपनिरीक्षक कृष्णकुमार सेदवाड तथा पुलिस कर्मचारियों अतुल लोटके, राहुल द्वारके, निळकंठ कारखेले, शाहिद शेख, बालासाहेब नागरगोजे, अजिनाथ पाखरे, अमोल कोतकर, प्रताप देवकाते, सागर ससाणे और मनोज साखरे की टीम ने की।

रिपोर्टर : अमर घोडके
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.