श्रीगोंदा में सखी संमती फाउंडेशन की भव्य डांडिया प्रतियोगिता संपन्न,महिलाओं का मिला शानदार प्रतिसाद

अहिल्यानगर : जिले के श्रीगोंदा शहर में सखी संमती फाउंडेशन की ओर से आयोजित भव्य डांडिया प्रतियोगिता महिलाओं के उत्साहपूर्ण प्रतिसाद के बीच संपन्न हुई। शहर में पहली बार आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपनी कला, प्रतिभा और नृत्य कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। सिने अभिनेत्री रेवती लेले की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की रौनक और बढ़ा दी।

कार्यक्रम में विधायक हेमंत ओगले, पुलिस निरीक्षक सानप, पूर्व नगराध्यक्ष शुभांगी पोटे, श्रीगोंदा कृषि उपज मंडी समिति के संचालक प्रशांत ओगले, नगरसेविका दीपाली बोरुडे तथा उपसरपंच किरण लकड़े सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

डांडिया प्रतियोगिता के ग्रुप वर्ग में बेलवंडी के हिरकणी ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 10,001 रुपये का पुरस्कार जीता। सिद्धिविनायक ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 7,001 रुपये, जबकि नवरंगी नारी ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल कर 5,001 रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया।

व्यक्तिगत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट वेशभूषा के लिए प्रियांका वाघमारे को मेडल, ट्रॉफी और 1,001 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, व्यक्तिगत प्रस्तुति में निकिता शर्मा ने पुरस्कार हासिल करते हुए मेडल, ट्रॉफी और 1,001 रुपये जीते।

महिला प्रतिभागियों के लिए विशेष पुरस्कार भी रखे गए थे। इसमें आदिका उदमले को टेबल फैन, स्नेहा वाबळे को मिक्सर और मीना क्षीरसागर को हॉटकेस सेट प्रदान किया गया।

महिलाओं की कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

सखी संमती फाउंडेशन की संस्थापक हेमांगी प्रशांत ओगले के साथ रूपा लौकिक मेहता और प्रणाली सुमेध गजभिये ने इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला समूहों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी महिला प्रतिभागियों, उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं की बड़ी भागीदारी और उत्साह के कारण यह डांडिया महोत्सव श्रीगोंदा शहर में आकर्षण का केंद्र रहा।

रिपोर्टर : अमर घोडके

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.