अब क्लास-3 से पढ़ाई में AI! भारत बोधन एआई कॉन्क्लेव में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया मास्टरप्लान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को ‘भारत बोधन AI कॉन्क्लेव-2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तकनीक अब देश की शिक्षा व्यवस्था का केंद्र बनती जा रही है। छात्रों में ज्ञान और बौद्धिक क्षमता को मजबूत करने के लिए सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की है।धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि सरकार ने कक्षा 3 से उम्र के अनुसार AI शिक्षा शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शिक्षा प्रणाली में आधुनिक तकनीक लाने को लेकर भारत सरकार पूरी तरह तैयार है। आने वाले समय में स्कूल स्तर से ही AI आधारित शिक्षा व्यवस्था को लागू किया जाएगा, क्योंकि AI अब केवल तकनीक नहीं बल्कि एक एडवांस्ड टूल बन चुका है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट से पहले भारत बोधन AI कॉन्क्लेव का आयोजन होना, देश के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए खुशी जताई और कहा कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम एकेडेमिया, इंडस्ट्री, पॉलिसी मेकर्स, स्टार्ट-अप्स, इनोवेटर्स, वैज्ञानिक नेतृत्व और स्किलिंग इकोसिस्टम को एक मंच पर लाता है।उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य AI को शिक्षा में बड़े पैमाने पर शामिल करना और भारत के लिए एक मजबूत EduAI स्टैक विकसित करना है, ताकि भविष्य की पीढ़ी को तकनीक-सक्षम शिक्षा मिल सके।


No Previous Comments found.