ये बजट सिर्फ गुमराह करने वाला...अजय राय ने और क्या कुछ कहा पढ़िए
केंद्रीय बजट 2026 को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने वाला बताते हुए कहा कि आज हर वर्ग—किसान, मजदूर, युवा और आम नागरिक—पर कठिनाइयां हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही। राय ने कहा कि रेलवे में सीनियर सिटीजन के लिए कोटा समाप्त कर दिया गया है और कई सुविधाएं कम कर दी गई हैं, जबकि बजट में किसानों, मजदूरों और मनरेगा श्रमिकों को उचित मजदूरी और पर्याप्त सहायता नहीं मिल रही है।
किसानों और आम जनता की स्थिति
अजय राय ने फसलों के लागत मूल्य, गन्ना और धान किसानों की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि धान खरीदी केंद्रों पर खरीद नहीं हो रही, खाद की कमी है और सरकार केवल दिखावे और मीडिया मार्केटिंग से काम चला रही है। उन्होंने सेंसेक्स में गिरावट का जिक्र करते हुए कहा कि यह सरकार की आर्थिक विफलता को दर्शाता है और सरकार को जल्द सत्ता छोड़ देनी चाहिए। राय ने कहा कि बजट केवल खोखली बातें और जनता को धोखा देने का माध्यम बन गया है।
बड़े उद्योगपतियों को फायदा, छोटे वर्गों की असफल योजनाएं
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है और किसान, युवा, महिलाएं व छोटे व्यापारी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट और नई नीतियों से केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, जबकि छोटे किसान, मजदूर और मनरेगा जैसी योजनाएं पूरी तरह असफल दिखाई दे रही हैं। पांडे ने कहा कि ऐसे हालात में देश के आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और बजट ने उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया है।

No Previous Comments found.