सपा सांसद अजेंद्र लोधी के 'बिगड़े बोल': प्रधानमंत्री को कहा 'देश विरोधी', FIR

उत्तर प्रदेश की सियासत में कब कौन सा बयान एटम बम की तरह फट जाए, कोई नहीं जानता! लेकिन इस बार धमाका हुआ है बुंदेलखंड की धरती महोबा में। समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर दिया है, जिसने पूरे सूबे के सियासी तापमान को 50 डिग्री के पार पहुंचा दिया है। ज्ञापन देने निकले थे, लेकिन दे बैठे एक ऐसा बयान जिसने अब उन्हें कोतवाली के दरवाजे तक पहुंचा दिया है। जी हां सोमवार के दिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता महोबा की सड़कों पर बढ़ती महंगाई, स्मार्ट मीटर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ हुंकार भर रहे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे हमीरपुर-महोबा सीट से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी। सांसद जी अपनी मांगों का पुलिंदा लेकर राज्यपाल के लिए ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। लेकिन मीडिया के कैमरों के सामने आते ही उनका जोश होश की सीमा लांघ गया। 

पीएम मोदी की सोना न खरीदने और ईंधन बचाने वाली हालिया अपील पर तंज कसते हुए सांसद लोधी ने कहा, "देश की जनता ने न तो ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री कभी देखा और न भविष्य में दिखेगा।" बात यहीं नहीं रुकी, उन्होंने आगे पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर हमला बोलते हुए एक ऐसे अमर्यादित और असंसदीय शब्द का प्रयोग कर दिया, जिसे सुनते ही वहां मौजूद लोग भी सन्न रह गए। देखते ही देखते इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर आग की तरह फैल गया। वहीं जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेहद कड़े शब्दों में प्रहार करते हुए इसे वैचारिक दिवालियापन करार दिया। सिर्फ सीएम ही नहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से लेकर गोरखपुर सांसद रवि किशन तक ने सपा को गुंडों और गालीबाजों की पार्टी बता डाला। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में अजेंद्र लोधी के पुतले फूंके और उनके खिलाफ नारेबाजी की। 

आपको बता दें बीजेपी इस मामले को सिर्फ बयानों तक नहीं छोड़ने वाली थी। बीजेपी के मीडिया प्रभारी सतेन्द्र गुप्ता की तहरीर पर महोबा की शहर कोतवाली में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। सपा सांसद के लिए यह प्रदर्शन अब गले की फांस बन चुका है। 

वहीं इस विवाद ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। बीजेपी का सीधा आरोप है कि सपा के सांसद अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के इशारे पर ही प्रधानमंत्री को गाली दे रहे हैं। ऐसे में सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने जो आग सुलगाई है, उसकी तपिश अब पूरी समाजवादी पार्टी महसूस कर रही है। एक तरफ कानूनी शिकंजा कस रहा है, तो दूसरी तरफ जनता की अदालत में उनकी साख दांव पर है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.