आगरा MLC सीट जीतने के बाद सपा के आकाश अग्रवाल का गजब 'सियासी ड्रामा'!
आगरा: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की आगरा शिक्षक खंड सीट पर आखिरकार परिणाम सामने आ गया है। समाजवादी पार्टी (SP) के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने चुनाव जीतकर अपनी सीट पक्की कर ली है, लेकिन परिणाम आने के बाद उनकी बयानबाजी ने एक नया सियासी बवंडर खड़ा कर दिया है। चुनाव जीतने के बावजूद सपा प्रत्याशी का रोना और पूरी चुनाव प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा करना अब लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों की समझ से परे नजर आ रहा है।
'जीत गए तो खुद की ताकत, हार का डर था तो रोना'—अग्रवाल के बयानों पर उठे सवाल
जीत का प्रमाण पत्र हाथ में आने के बाद मीडिया से बात करते हुए आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव में 'बूथ कैप्चरिंग' हुई, शिक्षकों को धमकाया गया और पुलिस-प्रशासन ने तांडव मचाया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने सरकार की छवि को लेकर उनका नजरिया बदल दिया है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में अब यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि जब सारी धांधली और प्रशासन की शह सत्ताधारी दल के साथ थी, तो फिर सपा प्रत्याशी चुनाव जीते कैसे? विपक्ष का यह रवैया नया नहीं है—'जीत जाओ तो अपनी लोकप्रियता का ढोल पीटो, और अगर प्रक्रिया में थोड़ी चुनौती दिखे तो पूरी संस्था को कटघरे में खड़ा कर दो!'
टेबल नंबर 14 पर हाथापाई का दावा, बीजेपी प्रत्याशी पर आरोप
विवाद को आगे बढ़ाते हुए समाजवादी छात्र सभा आगरा के जिलाध्यक्ष अमित प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान टेबल नंबर 14 पर बीजेपी उम्मीदवार हरि किशोर तिवारी और उनके समर्थकों ने हमला बोला। अमित का दावा है कि जब दूसरे राउंड की गिनती में सपा प्रत्याशी 2000 वोटों से आगे चल रहे थे, तब रात ढाई बजे बीजेपी प्रत्याशी ने उन पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना पास वाले 15-20 बाहरी लोगों को अंदर लेकर आई थी, जिससे वहां धक्का-मुक्की और मारपीट हुई।
जीत के बाद भी संस्थाओं पर उंगली उठाना कितना जायज?
इस चुनाव में 11 सीटों पर हुए कड़े मुकाबले में बीजेपी को 6 और सपा को 5 सीटें मिली हैं। लेकिन सपा नेताओं द्वारा जीत हासिल करने के बावजूद चुनाव आयोग और व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करना केवल अपनी जीत का क्रेडिट खुद लेने और चुनाव आयोग की साख गिराने का सियासी पैंतरा माना जा रहा है। सवाल यह है कि अगर तंत्र इतना ही बेईमान था, तो फिर जीत की ट्रॉफी सपा के हाथ में कैसे आई?

No Previous Comments found.