'अखिलेश का दोगलपान, समाज को बांटने की कोशिश': सपा पर जमकर बरसे आकाश आनंद
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने बुलंदशहर में एक विशाल चुनावी सभा के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास कराया है। बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने मंच से भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) दोनों पर तीखे हमले किए। अखिलेश यादव के 'PDA' नारे पर कटाक्ष करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि समाजवादी पार्टी का चरित्र गिरगिट की तरह रंग बदलने वाला है और वे हमारे समाज को बांटने की साजिश रच रहे हैं।
"चौधरी चरण सिंह के समाज का अपमान करने वाले दलितों को क्या न्याय देंगे?"
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा, "जब सपा की सरकार रही, तब-तब इनके काम इनका दोगलापन दिखाते रहे। अखिलेश यादव कभी P से पंडित तो कभी P से पीड़ित कहकर PDA का राग अलापते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि उन्होंने हाल ही में जाट समाज के एक बड़े नेता के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।" आकाश ने सवाल उठाया कि जिन चौधरी चरण सिंह की बदौलत मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री बने थे, अगर आप उन्हीं के समाज को अपमानित करेंगे, तो पिछड़े और दलित समाज को न्याय क्या दिलाएंगे?
कानून व्यवस्था और एक्सप्रेसवे के जरिए घेरी सरकार
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बीजेपी और सपा दोनों को घेरते हुए आकाश आनंद ने कहा कि साल 2007 से 2012 तक का बीएसपी शासनकाल याद कीजिए, जब बहन-बेटियां सुरक्षित थीं और कोई दंगा नहीं होता था। आज के युवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि देश में दो करोड़ से ज्यादा युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसा कि बीजेपी सरकार फीता काटने में नंबर वन है, जबकि एक्सप्रेसवे और हाईवे उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद बारिश में धंस और बिखर जाते हैं। उन्होंने मायावती के शासनकाल में बने नोएडा-आगरा एक्सप्रेसवे की मिसाल देते हुए कहा कि "नकल के लिए भी अकल चाहिए।"

No Previous Comments found.