अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, महिलाओं को मिलेंगे सालाना ₹40 हजार!
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना को दोबारा शुरू करने और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने की घोषणा की है। अखिलेश यादव की यह घोषणा ऐसे समय में सामने आई है, जब योगी सरकार की ओर से महिलाओं को 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने वाली प्रस्तावित योजना पर विचार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान महिलाओं को 500 रुपये प्रति माह पेंशन दी जाती थी। उन्होंने कहा कि अब समाजवादी पेंशन योजना को बढ़ाकर फिर से शुरू किया जाएगा और माताओं-बहनों को सालाना 40 हजार रुपये देने का काम किया जाएगा। सपा प्रमुख ने इसके पीछे का गणित समझाते हुए कहा कि 3 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से 12 महीनों में 36 हजार रुपये होते हैं और इतने वर्षों तक राशि नहीं मिलने के ब्याज को जोड़कर यह रकम 40 हजार रुपये होगी।
अखिलेश यादव ने उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए जाने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर उद्योगपतियों के 10 लाख करोड़ रुपये माफ किए जा सकते हैं और जनता का पैसा उद्योगपतियों को दिया जा सकता है, तो वही पैसा बचाकर माताओं-बहनों को दिया जा सकता है।
अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल की योजनाओं का जिक्र करते हुए छात्रों को दिए गए लैपटॉप और कन्या विद्या धन योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के समय छात्रों को करीब 30 हजार रुपये का लैपटॉप दिया गया था और 10वीं पास करने वाली छात्राओं की भी मदद की गई थी।
इससे पहले यह जानकारी सामने आई थी कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता वाली नई योजना लागू करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित योजना के तहत पात्र महिलाओं को चुनाव से पहले 20 हजार रुपये की पहली किस्त और इसके बाद भाजपा की सरकार बनने पर 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें दिए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस योजना पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है और इसके संभावित प्रारूप पर विचार चल रहा है।
No Previous Comments found.