शिवपाल यादव की जगह अखिलेश यादव बने लोहिया ट्रस्ट के अध्यक्ष
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अब लोहिया ट्रस्ट की भी कमान सौंप दी गई है। उन्होंने ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर शिवपाल सिंह यादव की जगह ली है। शिवपाल यादव वर्ष 2017 से लगातार लोहिया ट्रस्ट के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले हुई लोहिया ट्रस्ट की बैठक में अखिलेश यादव को अध्यक्ष बनाए जाने का फैसला लिया गया। ट्रस्ट के सभी आठ सदस्यों ने इस फैसले पर सहमति जताई। इनमें शिवपाल सिंह यादव भी शामिल थे। इस बदलाव के बाद अखिलेश यादव के पास समाजवादी पार्टी की कमान के साथ-साथ लोहिया ट्रस्ट और जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट की भी जिम्मेदारी आ गई है। इसे पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
लोहिया ट्रस्ट में यह बदलाव समाजवादी परिवार में वर्ष 2017 में हुए विवाद की पृष्ठभूमि में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उस समय सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने प्रोफेसर रामगोपाल यादव को हटाकर शिवपाल सिंह यादव को लोहिया ट्रस्ट की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद से शिवपाल यादव लगातार ट्रस्ट के अध्यक्ष बने हुए थे। अब उनकी जगह अखिलेश यादव को यह जिम्मेदारी दी गई है।
लोहिया ट्रस्ट का गठन समाजवादी पार्टी की स्थापना से भी पहले किया गया था। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाजवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार करना है। इसके साथ ही ट्रस्ट पार्टी से जुड़ी गतिविधियों और फंड जुटाने में भी भूमिका निभाता रहा है।
अखिलेश यादव को ट्रस्ट की कमान मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में इसे लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले समय में अखिलेश यादव अपनी बेटी को भी ट्रस्ट से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
शिवपाल यादव की जगह अखिलेश यादव का लोहिया ट्रस्ट का अध्यक्ष बनना समाजवादी परिवार और पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के लिहाज से अहम बदलाव माना जा रहा है। इससे अखिलेश यादव के पास पार्टी के साथ-साथ समाजवादी विचारधारा से जुड़े प्रमुख ट्रस्टों की जिम्मेदारी भी केंद्रित हो गई है।
No Previous Comments found.