बिहार में अखिलेश यादव और अजय राय करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां
जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। 243 सीटों वाले इस चुनाव में सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दो चरणों में होने वाले मतदान के लिए वोट 6 और 11 नवंबर को डाले जाएंगे। एनडीए की ओर से जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैदान में उतर चुके हैं, वहीं इंडी गठबंधन ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रचार की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अखिलेश यादव नवंबर के पहले सप्ताह में बिहार में ताबड़तोड़ रैलियां और रोड शो करेंगे। सपा प्रवक्ता आजम खान के अनुसार, अखिलेश यादव 1 नवंबर से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकते हैं और पहले चरण की 121 सीटों पर 6 से 7 रैलियां संबोधित करेंगे।
इंडी गठबंधन के प्रचार में अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संयुक्त और अलग-अलग रैलियों में जनता से गठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगेंगे। वहीं कांग्रेस पार्टी ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को स्टार प्रचारक के रूप में बिहार भेजा है। अजय राय, जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में वाराणसी से पीएम नरेंद्र मोदी को कड़ी टक्कर दी थी, ने कहा कि उन्हें पार्टी ने बक्सर जिले की जिम्मेदारी सौंपी है और वे बिहार के कई इलाकों में प्रचार करेंगे। अजय राय ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और शराबबंदी जैसे मुद्दे इस चुनाव में प्रमुख रहेंगे, वहीं इंडी गठबंधन जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा है।
सपा प्रवक्ता आजम खान का कहना है कि अखिलेश यादव की रैलियों का बिहार चुनाव में बड़ा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सेक्युलर राजनीति का चेहरा हैं और उनका PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूला बिहार में भी रंग लाएगा। समाजवादी पार्टी भले ही चुनाव नहीं लड़ रही हो, लेकिन गठबंधन के उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए सक्रिय रूप से प्रचार में जुटी है।

No Previous Comments found.