अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा: PDA रथ, रोड शो और तिवारी परिवार से मुलाकात
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर पहुंचे। गोरखपुर एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और भारी हुजूम के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद अखिलेश यादव PDA रथ पर सवार होकर चौरीचौरा के लिए रवाना हो गए।
अखिलेश यादव के दौरे के दौरान करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित है। रास्ते में कई जगहों पर सपा कार्यकर्ता और समर्थक उनका स्वागत कर रहे हैं। गोरखपुर शहर से ग्रामीण इलाकों तक होने वाली इस राजनीतिक यात्रा को समाजवादी पार्टी की मिशन 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव चौरीचौरा के देवकही गांव में शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही वह पूर्व छात्रनेता और स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के जरिए समाजवादी पार्टी स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश करेगी।
अखिलेश यादव के दौरे का एक महत्वपूर्ण पड़ाव जटाशंकर स्थित तिवारी हाता भी है। यहां वह पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश दोपहर करीब 3:30 बजे चौरीचौरा से रवाना होकर 3:45 बजे तिवारी हाता पहुंचेंगे।
यहां उनकी मुलाकात पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से होगी। अखिलेश यादव परिवार के साथ करीब आधा घंटा बिताएंगे। इसके बाद शाम 4:15 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होकर लखनऊ लौट जाएंगे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिशंकर तिवारी पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय तक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव की उनके परिवार से होने वाली मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। इसे पूर्वांचल में ब्राह्मण समाज के बीच समाजवादी पार्टी की राजनीतिक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी की रणनीति गोरखपुर को केंद्र बनाकर आसपास के जिलों में संगठन को सक्रिय करने और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की है। पार्टी की नजर पूर्वांचल की उन विधानसभा सीटों पर भी है, जहां जातीय समीकरण चुनावी नतीजों को प्रभावित करते रहे हैं।
गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला होने के साथ भाजपा की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। ऐसे में अखिलेश यादव का यहां PDA रथ के साथ पहुंचना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी इस दौरे के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में अपनी सक्रियता और संगठनात्मक ताकत का संदेश देना चाहती है।
अब इस दौरे के जरिए समाजवादी पार्टी स्थानीय स्तर पर अपनी राजनीतिक पकड़ और सामाजिक समीकरणों को किस तरह आगे बढ़ाती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

No Previous Comments found.