पोस्टर वॉर में घिर गए अखिलेश यादव, यूपी की सियासत में बवाल...
समाजवादी पार्टी के होर्डिंग में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आधी तस्वीर काटकर उस हिस्से में अखिलेश यादव की तस्वीर लगाए जाने के मामले में उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी ने इस मामले में चौतरफा हमला बोल दिया है। योगी सरकार में मंत्री से लेकर सांसद-विधायकों ने इसे बाबा साहेब और उनके अनुयायियों का अपमान बताया। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी संगठन की तरफ से पूरे प्रदेश में लखनऊ सहित सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर दिया गया है। मामले में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती भी भड़की हुई हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस इस बात का विशेष ध्यान रखे कि बाबा साहेब का अपमान न हो नहीं तो बीएसपी इनके खिलाफ सड़कों पर उतर सकती है।
दरअसल समाजवादी पार्टी दफ्तर के सामने एक पोस्टर लगाया गया जिसमें एक तस्वीर में आधा चेहरा बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर का है, जबकि आधा चेहरा अखिलेश यादव का दिखाया गया है। इस पोस्टर को लेकर बवाल मच गया। बीजेपी सरकार में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मंत्री असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल, राज्य सभा सदस्य बृजलाल समेत कई नेताओं ने घोर निंदा की है। बीजेपी के तमाम नेताओं ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कृत्य को बेहद शर्मनाक बताया।
मायावती ने अखिलेश को चेताया-
बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स पर पोस्ट किया है, "भारतीय संविधान के निर्माता परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का अपमान कतई ना किया जाए। खासकर सपा व कांग्रेस को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए, वरना बीएसपी इनके विरुद्ध सड़कों पर भी उतर सकती है।"
ये सपा की दूषित मानसिकता है-डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने होर्डिंग पर कहा, ये सपा की दूषित मानसिकता है। बाबा साहेब का जिस तरह से इन लोगों ने अपमान किया है इसको देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी और समय आने पर इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार समाजवादी पार्टी के नेता बाबा साहेब का अपमान कर चुके हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में बाबा साहेब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज और बाबा साहेब की पत्नी रमाबाई अंबेडकर के नाम से बने जिले कानपुर देहात से भी रमाबाई अंबेडकर का नाम हटाया था। अंबेडकर के प्रति सपा की घृणा पोस्टर के माध्यम से प्रदर्शित हो रही है। उन्होंने पोस्टर लगाने वाले के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की बात भी कही।
बाबा साहेब के अनुयायियों की आस्था पर कुठाराघात-मंत्री असीम अरुण
वहीं यूपी सरकार में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह एक कानूनी जुर्म के साथ बाबा साहेब के अनुयायियों की आस्था पर कुठाराघात है। ये हम सभी को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है। हम सभी इसकी निंदा करते हैं। मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग की जितनी भी योजनाएं थीं, सभी को समाप्त कर दिया था। इन्होंने सारे महापुरुषों का अपमान किया है। इसे जनता कभी भी नहीं भूलेगी।
अखिलेश यादव की हरकत जनता माफ नहीं करेगी: बृज लाल
राज्य सभा सदस्य बृज लाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ये जो पोस्टर लगाया है और पोस्टर के माध्यम से अखिलेश यादव अपने आपको बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के बराबर समझ रहे हैं जबकि अखिलेश यादव बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के पैरों की धूल भी नहीं हैं। उनकी इस हरकत पर उन्हे देश की जनता माफ नहीं करेगी।

No Previous Comments found.