सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर जोरदार हमला...

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को बिना सोचे-समझे समर्थन और वोट देने वाले लोगों को अगर देशभक्ति, संवेदना, इंसानियत, विवेक और चेतना का थोड़ा भी अहसास है, तो उन्हें मौजूदा हालात पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
 
उत्तराखंड और यूपी में डबल इंजन सरकार पर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार वाले उत्तराखंड में लोग “उत्तराखंड की बेटी” के लिए सड़कों पर न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में जहरीले सिरप से मौतें हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है।
 
यूपी में भ्रष्टाचार और नोटबंदी-जीएसटी पर निशाना
उन्होंने कहा कि यूपी में एक जीएसटी अधिकारी के घर करोड़ों रुपये नकद पाए जा रहे हैं, जबकि बीजेपी सरकार नोटबंदी से काले धन खत्म करने और जीएसटी से ईमानदार टैक्स सिस्टम लाने का दावा करती रही। हकीकत इसके बिल्कुल उलट सामने आ रही है।
 
मध्य प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान की स्थिति
अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में जहरीले पानी से मौतें हो रही हैं, वहीं बाबासाहेब अंबेडकर की तस्वीरें जलाई जा रही हैं और दलितों पर अत्याचार बढ़ रहा है। दिल्ली में लोग सांस लेने को तरस रहे हैं, जबकि राजस्थान में किसान घातक फैक्ट्रियों के खिलाफ ट्रैक्टर से बाउंड्रीवाल तोड़ने को मजबूर हैं।
 
गुजरात, हरियाणा और पूर्वोत्तर के मुद्दे
उन्होंने कहा कि गुजरात और हरियाणा में आम जनता अरावली बचाने के लिए अवैध खनन माफियाओं और बीजेपी नेताओं के खिलाफ केवल कोर्ट का सहारा ले रही है। त्रिपुरा में बीएसएफ जवान के बेटे की हत्या और उत्तराखंड में नफरती एजेंडा चलाने वालों द्वारा की गई हत्या का भी जिक्र किया। असम में साम्प्रदायिक भेदभाव की हदें पार हो चुकी हैं।
 
महाराष्ट्र में चुनाव प्रक्रिया पर आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र में नहीं लड़ने दिया जा रहा चुनाव, न वोट देने, उम्मीदवारों को धमकाकर चुनाव से हटाया जा रहा है और निर्विरोध चुने जाने वाले अधिकतर उम्मीदवार बीजेपी से जुड़े हैं। उन्होंने इसे अजीब संयोग बताया।
 
छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार की समस्याएं
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अल्पसंख्यकों के त्योहारों पर हमले हो रहे हैं और आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन लूट रही है। ओडिशा में गरीब पटरीवालों को धमकाया जा रहा है। बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब खुली बिक रही है, जो स्थानीय भ्रष्टाचार को दर्शाती है।
 
महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक माहौल पर चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग घटते व्यापार, बेरोजगार युवाओं की हताशा, जहरीले पर्यावरण, नफरती और हिंसक सामाजिक माहौल, महिलाओं और कमजोर वर्गों पर अत्याचार जैसी परिस्थितियों को देख सकते हैं।
 
बीजेपी को दिए समर्थन पर सोचने की अपील
अखिलेश यादव ने लोगों से अपील की कि बीजेपी को दिया जा रहा समर्थन और वोट दोबारा सोचें। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक दृष्टिकोण छोड़कर घर-परिवार का भविष्य, देश की अंतरराष्ट्रीय छवि, निवेश पर असर और विदेशों में भारतीयों को झेलना पड़ रहे अपमान को भी गंभीरता से देखें।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.