MLC चुनाव में धांधली पर बोले अखिलेश, 2027 में शिक्षक देंगे जवाब

लखनऊ (28 अक्टूबर 2026): उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव की मतगणना के दौरान सामने आई अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं, उनके सहयोगियों और कुछ अधिकारियों ने मिलकर सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने के लिए मतगणना में धांधली और हेराफेरी की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वोटों से नहीं बल्कि छल-कपट से चुनाव जीतना चाहती है।

"डॉ. संजयन त्रिपाठी का आंसू नहीं भूलेगा शिक्षक समाज"

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक विस्तृत पोस्ट शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने की मुख्य वजह सिर्फ उनका सपा प्रत्याशी होना नहीं है, बल्कि बीजेपी की "हाता नहीं भाता" वाली संकीर्ण मानसिकता है। अखिलेश ने कहा, "डॉ. त्रिपाठी को जिस तरह प्रताड़ित किया गया है, उसे उनका पूरा समाज और प्रदेश का शिक्षक वर्ग देख रहा है। कोई भी शिक्षक डॉ. त्रिपाठी के आंसुओं और बीजेपी सरकार में हुए अपने अपमान को नहीं भूलेगा।" उन्होंने दावा किया कि शिक्षक समाज 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराकर अपना 'गुरु संकल्प' पूरा करेगा।

गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर धांधली का आरोप, प्रत्याशियों ने किया वॉकआउट

यह पूरा विवाद गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट की मतगणना के दौरान बढ़ा। सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी और निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों और चुनाव प्रेक्षक पर बीजेपी उम्मीदवार का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए मतगणना का बहिष्कार (Boycott) कर दिया। संजयन त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि शुरुआती तीन राउंड तक निर्दलीय प्रत्याशी 450 वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन अचानक चौथे राउंड में रुझान बीजेपी के पक्ष में मोड़ दिए गए।

बरेली-मुरादाबाद सीट पर भी उठे सवाल

गोरखपुर के अलावा बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा उम्मीदवार दानिश अख्तर ने भी मतदाता सूची में फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में 30 प्रतिशत नाम फर्जी थे, जिसकी शिकायत करने के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई संज्ञान नहीं लिया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.