अयोध्या दौरे पर भी राम मंदिर क्यों नहीं जा रहे अखिलेश? खुद बता चुके हैं इसकी मुख्य वजह
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि वह अयोध्या आने के बावजूद राम मंदिर के दर्शन करने नहीं जाएंगे। सपा प्रमुख आज पूर्व विधायक पवन पांडे के यहां आयोजित धार्मिक अनुष्ठान और कथा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, जबकि पार्टी और खुद अखिलेश यादव पहले ही इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर पिछले काफी समय से सवाल उठते रहे हैं, और वह लगातार इस सवाल को टालते आए हैं। कुछ समय पहले उन्होंने बयान दिया था कि जब इटावा में नए केदारेश्वर मंदिर का उद्घाटन हो जाएगा, तब वह राम मंदिर दर्शन करने जाएंगे। सावन के महीने में इस मंदिर का उद्घाटन होना था, लेकिन कुछ कारणों से यह अब तक पूरा नहीं हो सका है। यही वजह है कि माना जा रहा है कि वह फिलहाल अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन नहीं करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव हेलीकॉप्टर से पुरसाएं रामलीला मैदान पहुंचेंगे और वहां से पूर्व विधायक पवन पांडे के गांव कृष्णापुर स्थित कथा स्थल के लिए रवाना होंगे। यह धार्मिक आयोजन 2 अक्टूबर से चल रहा है और आज इसका समापन होना है। अखिलेश यादव के इस दौरे की खबर मिलते ही आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए पहुंच रहे हैं।
आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अखिलेश यादव अनौपचारिक और व्यक्तिगत आयोजकों के जरिए राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। इससे पहले वह रायबरेली में सपा विधायक के घर चाय पीने के कार्यक्रम में भी पूरी ताकत के साथ शामिल हुए थे। अब अयोध्या में पूर्व विधायक के घर जाकर वह एक बार फिर कार्यकर्ताओं और जनता को एक मजबूत राजनीतिक संदेश दे रहे हैं।

No Previous Comments found.