अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने पर यूपी में सपा का भारी बवाल, कई जिलों में पुतले फूंके और प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद उत्तर प्रदेश में भारी राजनीतिक भूचाल आ गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (ECI) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और कथित वोट चोरी के विरोध में इंडिया गठबंधन के मार्च के दौरान यह कार्रवाई की गई, जिसके विरोध में पूरे यूपी में सपाइयों ने सड़कों पर उतरकर जबरदस्त हंगामा किया।
आगरा, बस्ती, उन्नाव, लखनऊ, इटावा, आजमगढ़ और बरेली समेत कई जिलों में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बस्ती में सपाईयों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, जिसकी भनक स्थानीय एलआईयू (LIU) तक को नहीं लग पाई। आगरा में पुतला दहन को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बरेली में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने के साथ-साथ बीजेपी का झंडा जलाकर अपना कड़ा आक्रोश जताया। वहीं, लखनऊ के हजरतगंज और इटावा के शास्त्री चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए 'हल्ला बोल' के नारे लगाए और सड़क पर धरना दिया।
प्रदर्शनकारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में और अधिक उग्र किया जाएगा। फिलहाल, राज्य के कई जिलों में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

No Previous Comments found.