यूपी चुनाव से पहले सपा का ‘मास्टरस्ट्रोक’! महिलाओं को हर साल ₹40 हजार, डिंपल ने खोले बड़े वादों के पत्ते


लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ सियासी बिसात तेजी से सजने लगी है। इस बार समाजवादी पार्टी ने ‘आधी आबादी’ पर बड़ा दांव खेलते हुए महिलाओं के लिए ऐसी घोषणा की है, जिसने चुनावी चर्चा को नया मोड़ दे दिया है। सपा ने सत्ता में वापसी पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया गया है। पार्टी ने यह भी कहा है कि आने वाले वर्षों में इस रकम को बढ़ाया जाएगा।

लखनऊ में अखिलेश यादव और डिंपल यादव की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला सशक्तिकरण से जुड़े कई बड़े ऐलान किए गए। यानी सपा ने साफ कर दिया है कि आने वाले चुनाव में महिलाएं उसके एजेंडे के केंद्र में रहेंगी।

₹40 हजार से शुरू होगा ‘सम्मान और समृद्धि’ का सफर

मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान करते हुए कहा कि इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। योजना में समय के साथ सुधार किया जाएगा और महिलाओं की आर्थिक मजबूती को प्राथमिकता दी जाएगी।

डिंपल ने कहा कि इसका मकसद सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिसमें हर उम्र की महिला सम्मान के साथ और सिर उठाकर जिंदगी जी सके।

अखिलेश बोले- आधी आबादी के बिना तरक्की अधूरी

अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की तरक्की महिलाओं की भागीदारी के बिना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने अपनी पिछली सरकार के दौरान लिए गए फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए उठाए गए कई कदम आज भी उदाहरण हैं।

उन्होंने 1090 महिला हेल्पलाइन का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी दौरे पर आए जापानी डेलिगेशन को भी यह सिस्टम दिखाया गया था।

बंद स्कूलों से लेकर लैपटॉप तक, सपा का पूरा पैकेज

सपा ने सिर्फ आर्थिक मदद तक खुद को सीमित नहीं रखा। पार्टी ने सरकार बनने पर आठवीं तक बंद किए गए स्कूलों को फिर से खोलने, महिलाओं के लिए 1090 सिस्टम को मजबूत करने और पुलिस बल में 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करने का वादा किया है।

इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू करने तथा इंटर पास छात्राओं को लैपटॉप देने की घोषणा भी की गई है।

पार्टी ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी बड़ा दावा किया है। सपा के मुताबिक, हर जिले में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे।

‘PDA’ में A यानी आधी आबादी

डिंपल यादव ने सपा के राजनीतिक फॉर्मूले PDA को महिलाओं से जोड़ते हुए कहा कि इसमें ‘A’ का मतलब आधी आबादी है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की गारंटी होनी चाहिए और उनके विचारों को भी महत्व मिलना चाहिए। डिंपल के मुताबिक, सपा का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें समाज में मजबूत स्थिति दिलाना है।

बीजेपी पर बरसे अखिलेश

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लिए नारी सिर्फ नारा बनकर रह गई है। इस दौरान उन्होंने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा।

टैबलेट योजना पर भी अखिलेश ने तंज कसा। उन्होंने अपनी सरकार के लैपटॉप वितरण का जिक्र करते हुए कहा कि वे लैपटॉप आज भी चल रहे होंगे, जबकि मौजूदा सरकार की योजनाओं पर उन्होंने सवाल खड़े किए।

मंच पर दिखी ‘महिला ब्रिगेड’

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा ने महिला नेतृत्व को भी प्रमुखता से सामने रखा। सांसद प्रिया सरोज और इकरा हसन के अलावा विधायक रागिनी सोनकर, पूजा शुक्ला और नसीम सोलंकी समेत कई महिला नेता मंच पर मौजूद रहीं।

साफ है कि चुनावी मैदान तैयार होने लगा है और सपा ने अपनी पहली बड़ी चाल चल दी है—महिलाओं के खाते में हर साल ₹40 हजार का वादा। अब सवाल यही है कि सपा का यह ‘स्त्री सम्मान’ दांव चुनावी राजनीति में कितना असरदार साबित होता है और बीजेपी इसके जवाब में कौन-सा पत्ता खोलती है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.