'पूरब और पश्चिम हिल गया है': अखिलेश यादव का बड़ा दावा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनावी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी वोटर लिस्ट में हेराफेरी और धांधली करने से बाज नहीं आ रही है। इस दौरान उन्होंने मांग की कि चुनाव में पारदर्शिता लाने के लिए वोटर लिस्ट को सीधे आधार कार्ड से जोड़ा जाना चाहिए और मतदान के दिन बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

"वोटर लिस्ट में हो रही है धांधली, बायोमेट्रिक हो वोटिंग"

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे-जैसे डेटा की जानकारी मिल रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। उन्होंने नंदलाल निषाद और दशरथ विकास जैसे मामलों का हवाला देते हुए कहा कि कई बूथों पर नामों में गड़बड़ी पाई गई है। हालांकि अब सभी विपक्षी दलों के दबाव में चुनाव आयोग मजबूरी में काम कर रहा है। अखिलेश यादव ने मांग की कि सरकार और चुनाव आयोग को सख्त कदम उठाते हुए वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ना चाहिए और बूथ स्तर पर बायोमेट्रिक पहचान अनिवार्य करनी चाहिए, ताकि 'वोट फिक्सिंग' रोकी जा सके।

सपा सरकार बनने पर वाल्मीकि जयंती पर छुट्टी और आउटसोर्सिंग खत्म करने का ऐलान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं का स्वागत करते हुए अखिलेश ने कहा कि इन साथियों के जुड़ने से 'पीडीए' (PDA) परिवार और मजबूत हुआ है, जिससे पूरब से लेकर पश्चिम तक राजनीतिक हलचल मच गई है। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। साथ ही, वाल्मीकि समाज के लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक दिलाया जाएगा और युवाओं के लिए आउटसोर्सिंग की व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने बेटियों को बड़े पैमाने पर साइकिलें बांटने का भी वादा किया।

सीमा सुरक्षा और घुसपैठिए के मुद्दे पर सरकार को घेरा

घुसपैठिए के विवाद पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि देश की सीमाएं असुरक्षित हो रही हैं, युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही हैं और आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीन के बॉर्डर पर लगातार संकट खड़ा हो रहा है, अरुणाचल प्रदेश और लेह-लद्दाख को लेकर गंभीर बातें सामने आ रही हैं।

"सरकार सवालों से डरती है, लोकतंत्र को किया जा रहा है कमजोर"

पोस्टर वार और सेंसरशिप के मुद्दों पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि विरोधी जितना पोस्टर लगाकर गलत प्रचार करेंगे, पीडीए उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार किसी भी तरह के सवाल सुनने को तैयार नहीं है और सवाल पूछने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो सरकार सवालों से डरती है, वह असल में लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। हमारा एकमात्र लक्ष्य बीजेपी को हराकर हमेशा के लिए यूपी से सत्ता से बाहर करना है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.