ग्राम कंझरा जागेश्वर में एक माह तक चली काकड़ आरती का भक्तिमय समापन

अकोला : मूर्तिजापूर तहसील के ग्राम कंझरा जागेश्वर में कोजागिरी पूर्णिमा से कार्तिक पूर्णिमा तक एक महीने तक चली काकड़ आरती का समापन भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इस दौरान प्रतिदिन सुबह ब्रह्म मुहूर्त में गांव के मंदिर में काकड़ आरती, भजन और कीर्तन का आयोजन किया जाता था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन करते और आरती में शामिल होते थे।

इस धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर और घरों के सामने सुंदर रंगोलियां बनाई जाती थीं तथा दीप जलाए जाते थे। दीपों की रोशनी से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में जगमगा उठता था।

काकड़ आरती के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में गांव के युवाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ते और पानी की व्यवस्था की जाती थी।

समापन के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

गौरतलब है कि कार्तिक मास भगवान विष्णु और तुलसी माता की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान गांव में तुलसी विवाह का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि कार्तिक मास में काकड़ आरती करने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है।

रिपोर्टर : नरेंद्र वाढोणकर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.