हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव: अध्यक्ष समेत 28 पदों के लिए मतदान शुरू

इलाहाबाद : इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की 28 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए आज बुधवार को मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह करीब आधे घंटे की देरी से नवनिर्मित न्यू अधिवक्ता चैंबर्स बिल्डिंग के भूतल स्थित पार्किंग क्षेत्र में मतदान सुबह 9:30 बजे शुरू किया गया। यह पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जा रही है।

मुख्य चुनाव अधिकारी राधाकांत ओझा ने जानकारी दी कि इस बार अध्यक्ष, महासचिव सहित विभिन्न पदों के लिए कुल 200 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कुल 9719 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसके लिए कुल 18 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जिनमें महिला और बुजुर्ग अधिवक्ताओं के लिए अलग बूथ की व्यवस्था की गई है।

 इन पदों पर हो रहा मतदान: 

अध्यक्ष: 11 प्रत्याशी

महासचिव: 8 प्रत्याशी

वरिष्ठ उपाध्यक्ष: 9

उपाध्यक्ष (5 पद): 42

संयुक्त सचिव (प्रशासन): 13

संयुक्त सचिव (लाइब्रेरी): 7

संयुक्त सचिव (प्रेस): 13

संयुक्त सचिव (महिला): 5

कोषाध्यक्ष: 14

गवर्निंग काउंसिल सदस्य (15 पद): 78 प्रत्याशी

चुनाव समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं को बार एसोसिएशन का वैध आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य है और वे केवल अधिवक्ता ड्रेस में ही मतदान कर सकते हैं। अधिवक्ता सुबह से ही कतारबद्ध होकर वोट डालने पहुंच रहे हैं।

मतदान प्रक्रिया के दौरान हाईकोर्ट की अदालतों में सुनवाई भी जारी है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी ने मुख्य न्यायाधीश से 'नो एडवर्स ऑर्डर' (No Adverse Order) का अनुरोध किया है, ताकि मतदान में व्यस्त अधिवक्ताओं को किसी केस में नुकसान न हो।

मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा जाएगा। गुरुवार को कोई प्रक्रिया नहीं होगी, और शुक्रवार से मतगणना शुरू की जाएगी। शुरुआत में एकल पदों (अध्यक्ष, महासचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदि) की गिनती की जाएगी, इसके बाद गवर्निंग काउंसिल सदस्यों के लिए मतगणना होगी।

रिपोर्टर : डी के मिश्रा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.