बेसवां व तोछीगढ़ में निकाले गए ताजिये- ताजियों में शांति व्यवस्था हेतु मुस्तैद रहा प्रशासन

इगलास : इगलास तहसील क्षेत्र के कस्बा बेसवां सहित तोछीगढ़, जवार आदि स्थानों पर ताजिया निकाले गए जहां शांति व्यवस्था हेतु स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
बतादें कि इगलास नगर के समीपवर्ती कस्बा बेसवां, तोछीगढ़ आदि स्थानों पर मुसलमान भाइयों ने ताजिया निकाले। बताते हैं यह दिन इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाता है। इस्लाम धर्म में मुहर्रम मनाने का मुख्य कारण इमाम हुसैन इब्न अली की शहादत को याद करना है। मुस्लिम लोग मुहर्रम को एक पवित्र महीना मानते हैं। इमाम हुसैन ने याज़िद के अन्याय पूर्ण शासन और उसकी बेइंसाफियों के खिलाफ आवाज़ उठाई थी। उन्होंने अत्याचार के आगे झुकने से इनकार कर दिया और सच्चाई, न्याय और इस्लाम के सिद्धांतों को बचाने के लिए अपने परिवार और साथियों के साथ अपनी जान कुर्बान कर दी। तभी से शिया मुसलमान मुख्य रूप से इस दिन को शोक ओर मातम के रूप में मनाते हैं। इमाम हुसैन और उनके साथियों की भूख प्यास ओर शहादत को याद करते हुए जुलूस निकालते हैं।
कस्बा बेसवां में घंटाघर से ताजिया शुरू किए गए जो समूचे नगर में होते हुए ईदगाह पर पहुंचकर समापन किए गए। इस मौके पर शरीफ खां, चांद खां, सोनू कुरैशी, डॉ हमीद खां, मोनू कुरैशी, डॉ अब्दुल कलाम आदि मौजूद रहे। ताजियों में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना अध्यक्ष गोरई रंजीत कटारा, वेसबां चौकी प्रभारी शशांक कौशिक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा इगलास हाथरस मार्ग स्थित गांव तोछीगढ़ में ताजिया निकाले गए जहां उपजिलाधिकारी पारितोष मिश्रा, नायब तहसीलदार तान्या शर्मा, लेखपाल मकरध्वज सिंह, राजस्व निरीक्षक मोहम्मद शरीफ आदि मौके पर रहे।
रिपोर्टर : इंद्रजीत प्रेमी
No Previous Comments found.