पार्किंग ठेका वसूली के विरोध में टैम्पो चालकों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर की हड़ताल - आत्म हत्या की दी धमकी
इगलास : इगलास नगर में नगर पंचायत द्वारा पार्किंग शुल्क न मिलने पर टैम्पो व ई रिक्शाओं को खदेड़कर नगर की सीमा से बाहर किए जाने के विरोध में टैम्पो चालकों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर हड़ताल कर दी, तथा आत्महत्या की धमकी दी गई। उपजिलाधिकारी ने नगर पंचायत की निर्धारित पार्किंग से सवारी भरने व न्यूनतम पार्किंग शुल्क दिए जाने की कहकर टैम्पो चालकों को समझा बुझाकर हड़ताल समाप्त करा दी है।
बतादें कि नगर पंचायत द्वारा विगत दिनों पार्किंग का ठेका उठाते हुए टैम्पो व ई रिक्शा चालकों को हिदायत दी थी कि वह नगर पंचायत के पार्किंग स्थल से सवारी भरेगें तथा टैम्पो से 20 रुपए प्रति चक्कर व टिर्री से 10 रुपए प्रति चक्कर शुल्क निर्धारित किया गया। तथा रोड पर सड़क की पटरी पर टैम्पो आदि खड़ा करने से मना किया गया। इसके विरोध में सभी टैम्पो व ई रिक्शा वाले लामबंद होकर नगर पंचायत के विरोध में आ गए। टैम्पो चालकों का कहना यह था कि जनपद भर में किसी नगर पंचायत, नगर पालिका द्वारा टैम्पो से ठेका वसूली नहीं की जा रही है इगलास में हाथरस मार्ग पर पार्किंग स्थल बताते हुए ठेका वसूली की जा रही है जबकि टैम्पो चालकों से अलीगढ़ मार्ग, मथुरा मार्ग, गोण्डा रोड तथा सासनी रोड तक ठेका वसूली की जाती है। पार्किंग में किसी एक रोड के टैम्पो व ई रिक्शा नहीं आ सकते हैं।
टैम्पो चालकों द्वारा पार्किंग ठेका वसूली का विरोध किए जाने पर नगर पंचायत कर्मचारियों द्वारा टैम्पो आदि वाहनों को नगर पंचायत की सीमा से बाहर खदेड़ दिया तो सभी टैम्पो चालक नगर पंचायत व ठेका वसूली ठेकेदार के विरोध में तहसील मुख्यालय पहुंचकर हड़ताल कर दी तथा आत्महत्या करने की धमकी देने लगे।
उपजिलाधिकारी पारितोष मिश्रा ने टैम्पो चालकों को समझाते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी बृजेंद्र कुमार चौधरी से वार्ता कर हड़ताल को समाप्त कराते हुए आश्वस्त किया कि उनसे सिर्फ एक निर्धारित पार्किंग शुल्क ली जाएगी। और पार्किंग स्थल से ही टैम्पो चालक सवारी उठाएंगे।
रिपोर्टर : इंद्रजीत प्रेमी


No Previous Comments found.