मंगलायतन विश्वविद्यालय के नए कुलसचिव बने कमांडर मनोज के.

इगलास :  मंगलायतन विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भारतीय नौसेना की गौरवशाली पृष्ठभूमि से जुड़े कमांडर मनोज के. (सेवानिवृत्त) को विश्वविद्यालय का नया कुलसचिव नियुक्त किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। नवनियुक्त कुलसचिव ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को नई पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं संस्थान की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। विश्वविद्यालय के चेयरमैन हेमंत गोयल, कुलपति प्रो. पीके दशोरा एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने उन्हें शुभकामनाएं दी। कमांडर मनोज के. को रक्षा सेवाओं, उच्च शिक्षा प्रशासन, मानव संसाधन प्रबंधन, तकनीकी संचालन एवं संस्थागत विकास का दो दशक से अधिक का व्यापक अनुभव प्राप्त है। भारतीय नौसेना में 23 वर्षों तक विशिष्ट सेवाएं दी है। भारतीय नौसेना में महत्वपूर्ण पद पर कार्य करते हुए उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, रणनीतिक नेतृत्व और तकनीकी प्रबंधन का उत्कृष्ट परिचय दिया। शैक्षणिक योग्यता के तहत उन्होंने एमटेक (एरोनॉटिक्स) एवं एमबीए (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) की उपाधियां प्राप्त की हैं। इसके अतिरिक्त वे लीन सिक्स सिग्मा ग्रीन बेल्ट एवं सर्टिफाइड स्क्रम मास्टर जैसी प्रतिष्ठित पेशेवर प्रमाणिकताओं से भी सम्मानित हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ तथा फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं।

रिपोर्टर : इंद्रजीत प्रेमी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.