ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलने पर विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

इगलास :   श्री देवी प्रसाद शर्मा मेमोरियल इंटर कॉलेज में ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद आज  छात्र-छात्राओं का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों में आत्मीयता, अनुशासन, स्वाभिमान एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति श्रद्धा का भाव जागृत करने का प्रयास किया गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा अत्यंत प्राचीन एवं गौरवशाली रही है। इसी परंपरा के निर्वहन एवं विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य अनिल कुमार दीक्षित ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं श्रेष्ठ चरित्र निर्माण का संदेश देते हुए नए शैक्षिक सत्र के लिए प्रेरित किया।  कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा किए गए स्वागत के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में मानसी अग्रवाल, सीपी सिंह, श्रीमती सुनीता, श्रीमती अलका शर्मा, अंजू शर्मा, ललितेश सारस्वत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर : इन्द्रजीत प्रेमी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.