इगलास तहसील परिसर में जल भराव व कच्चे रास्ते से अधिवक्ता व फरियादी परेशान
इगलास : इगलास तहसील परिसर में वर्षों से जलभराव और कच्चे रास्ते की समस्या बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बरसात के समय तहसील परिसर की सड़कें और रास्ते पानी व कीचड़ से भर जाते हैं, जिससे अधिवक्ताओं, फरियादियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वही तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) के सरकारी आवास स्थित हैं। इसके बावजूद लंबे समय से चली आ रही इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने राजस्व, प्रमाण पत्र, भूमि विवाद और अन्य कार्यों के लिए तहसील पहुंचते हैं, लेकिन जलभराव और कच्चे रास्ते के कारण उन्हें कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। अधिवक्ताओं का कहना है कि कई बार फिसलन के कारण दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं का कहना है कि कई बार इस समस्या की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तहसील परिसर में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए तथा कच्चे रास्ते को शीघ्र पक्का कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में वर्षों से बनी यह बदहाली प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
रिपोर्टर : इन्द्रजीत प्रेमी
No Previous Comments found.