रैली निकालकर दिया सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण शैक्षणिक वातावरण का संदेश

इगलास : मंगलायतन विश्वविद्यालय में एंटी-रैगिंग अभियान के अंतर्गत एंटी-रैगिंग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षित, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का संदेश देना रहा। 

रैली में फार्मेसी, मैनेजमेंट, हॉस्पिटल फार्मेसी, विधि एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने रैगिंग के विरुद्ध जागरूकता संदेश एवं नारे प्रस्तुत करते हुए सभी को रैगिंग से दूर रहने तथा इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कुलसचिव कमांडर मनोज के. ने विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि रैगिंग किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। विश्वविद्यालय में प्रत्येक विद्यार्थी की सुरक्षा, गरिमा एवं सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और एक-दूसरे के प्रति सहयोग एवं सम्मान की भावना रखने का आह्वान किया। डीन अकादमिक डा. अमरीश शर्मा, चीफ प्रॉक्टर प्रो. प्रमोद कुमार एवं एंटी-रैगिंग नोडल अधिकारी डा. दशरथ सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रैगिंग के किसी भी मामले को छिपाने के बजाय तत्काल संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देनी चाहिए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डा. संजय पाल, डा. सौरभ गुप्ता एवं डा. बृजेश शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

रिपोर्टर : इन्द्रजीत प्रेमी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.