अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ गोरई व थाना इगलास में अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज
इगलास : विगत देर रात्रि पुलिस क्षेत्राधिकारी को सूचना मिली कि खनन माफियाओं द्वारा थाना गोरई क्षेत्र व थाना इगलास क्षेत्र में खनन किया जा रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना गोरई व इगलास में खनन माफियाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विगत 02 सितंबर की देर रात्रि में तीन बजे फोन से पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार को सूचना मिली कि मिट्टी खनन करने वाले लोग गोंंडा रोड से इगलास की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर सी.ओ. हमराही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी, डम्फर व स्विफ्ट गाड़ी चालक व बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो डम्फर चालक ने डम्फर को जान से मारने की नीयत से चढ़ाने का प्रयास किया। इस संबंध में सी.ओ. ने कस्बा प्रभारी एसआई गंगाराम गंगवार को फोन करके सूचना दी गई तत्काल चैकिंग करें. थानाध्यक्ष को जानकारी देने के उपरांत गोंडा रोड पर चैकिंग प्रारंभ की गई। इस प्रकरण मे दर्ज रिपोर्ट मे उल्लेख किया है कि चैकिंग के दौरान खनन माफिया जोर-जोर से आवाज लगा रहे थे कि आज पुलिस वालों को जान से मार दो, खनन माफियाओं ने जान से मारने की नीयत से जेसीबी, डम्फर व स्विफ्ट गाड़ी को पुलिस टीम पर चढाने का प्रयास किया। इसी दौरान सी.ओ. भी मौके पर आ गए और पुलिस कर्मियों ने खनन माफियाओं का पीछा करके डम्फर यूपी 81 सी.टी. 5097 का चालक प्रवीन कुमार पुत्र रामवीर सिंह निवासी बाजगढ़ी, पंकज चौधरी पुत्र मानसिंह निवासी करथला, मोहित पुत्र ओमवीर सिंह निवासी बाजगढ़ी व जितेन्द्र सिंह पुत्र कुलवीर सिंह निवासी भूरंगा को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से मिली डम्फर के साथ ही सीज कर दिया गया है। इस संबंध में एसआई गंगाराम गंगवार की ओर से खनन माफियाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वहीं गोरई में एस.आई. सुरेश सिंह ने थाना गोरई में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि सीओ. के हमराह द्वारा थानाध्यक्ष को सूचना दी गई कि चैकिंग के दौरान एक डम्फर दिखाई दिया है जिसमें मिट्टी भरी हुई है जो बेसवां से गोरई जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष के साथ चैकिंग के लिए ग्राम कलींजरी से आगे दो बजे एक डम्फर व दो मोटरसाइकिल पर सवार खनन माफिया जा रहे थे और वे डम्फर चालक को उकसा रहे थे कि पुलिस वालों पर डम्फर को चढ़ा कर मार डालो जो होगा देखा जाएगा, चालक ने डम्फर को जान से मारने की नीयत से हमारी तरफ मोड़ दिया जिससे हम सड़क के गड्ढे में कूद गए जिससे बाल-बाल बचे। इनका पीछा करने का प्रयास किया तो डम्फर की मिट्टी को पलट दिया जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया। इस घटना के संंबंध में गोविन्दा व मोहित कुमार निवासी बाजगढ़ी, पंकज व चंद्रेश निवासी करथला, जसबीर निवासी करथला तथा जितेन्द्र सिंह निवासी भूरंगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि खनन माफियाओं के खिलाफ थाना गोरई व थाना इगलास में अलग अलग रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। वही थाना इगलास पुलिस ने चार आरोपियों प्रवीन कुमार निवासी बाजगढ़ी, पंकज चौधरी निवासी करथला, मोहित निवासी बाजगढ़ी व जितेन्द्र सिंह निवासी भूरंगा को गिरफ्तार कर लिया गया है जिनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। खनन माफियाओं के कब्जे से मिले एक डम्फर व दो बाइकों को सीज कर दिया गया है।
रिपोर्टर : इन्द्रजीत प्रेमी
No Previous Comments found.