ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विद्यार्थियों को दिखाया सफलता का मार्ग

इगलास । श्री शिवदान सिंह इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लक्ष्य निर्धारण, करियर नियोजन, प्रभावी अध्ययन पद्धति एवं समय प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल ने कहा कि सफलता के लिए विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप नियमित और अनुशासित अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने संचार कौशल विकसित करने के साथ सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए पाठ्यक्रम की समझ, नियमित अध्ययन, समाचार-पत्र पढ़ने तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े रहने पर जोर दिया। उन्होंने सरकार की प्रमुख युवा कल्याण योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी।

इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रशासनिक सेवाओं एवं सरकारी नौकरियों की तैयारी से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका ज्वाइंट मजिस्ट्रेट /उपजिलाधिकारी ने सरलता से उत्तर देकर मार्गदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य केपी सिंह ने उपजिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य के प्रति जागरूक करने और सही दिशा चुनने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम का संचालन ऋषिन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर मंजू सिंह, अनिल बंसल, सत्यभान सिंह, कुलदीप सक्सेना, लक्ष्मी नारायण, दामोदर सिंह, सतेंद्र सिंह, सूरजभान सिंह, वैभव शर्मा, मुकेश कुमार, राम आशीष सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

रिपोर्टर :- इंद्रजीत प्रेमी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.