फर्जी आधार कार्ड से सौतेले भाई की जमीन में हिस्सा मांगने का आरोपी गिरफ्तार

इगलास : थाना इगलास पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर सौतेले भाई की जमीन में हिस्सा प्राप्त करने के लिए न्यायालय में वाद दायर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है। आरोपी का चालान कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देश पर अपराधियों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना इगलास पुलिस ने 13 अक्टूबर 2026 को रात करीब 1:30 बजे थाना परिसर से रवि चंद्र (48) पुत्र करुआ निवासी कारेका, थाना इगलास, हाल निवासी गामड़ी एक्सटेंशन, दिल्ली को गिरफ्तार किया। आरोपी पर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनवाकर उसमें अपना नाम हरिचंद पुत्र पोखपाल अंकित कराने और उसका इस्तेमाल कर अपने सौतेले भाई की जमीन में हिस्सा प्राप्त करने के लिए न्यायालय में वाद दायर करने का आरोप है। इस मामले में कारेका निवासी ओमप्रकाश पुत्र पोखपाल की तहरीर पर थाना इगलास में मुकदमा अपराध संख्या 327/2026, धारा 318(4), 336(2), 338 और 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पकड़े गए अभियुक्त का चालान कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।

रिपोर्टर : इन्द्रजीत प्रेमी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.