कैबिनेट मंत्री ने बैराज, तालाब व विद्युत डीपी की सौगातें ग्रामीणों को समर्पित कीं
आलीराजपुर : केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन वाली भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। यह बात कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान द्वारा आज ग्रामीण क्षेत्र का प्रवास कर विकास कार्यों का लोकार्पण करने और ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण सौगातें समर्पित करने के दौरान उपस्थित ग्रामवासियों से कही।
विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने बताया कि आज कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह जी चौहान द्वारा सिंचाई, जलसंग्रहण और विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यों का उद्घाटन कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा दी गई। सर्वप्रथम ग्राम वेगलगाँव में वेगलगाँव बैराज का लोकार्पण किया गया, जिसकी लागत राशि 3 करोड़ 11 लाख 82 हजार रुपये है। जिसके बाद मंत्री श्री चौहान ग्राम अचपई पहुंचे जहां उन्होंने उन्होंने अचपई तालाब का लोकार्पण किया गया, जिसकी लागत 3 करोड़ 87 लाख 32 हजार रुपये है। इन दोनों जल संरचनाओं से क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ेगी, सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी और किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों की आय बढ़ने की प्रबल संभावना है।
इसके साथ ही मंत्री श्री चौहान ने ग्राम चिखली के उचला फलिया एवं झरी फलिया में दो विद्युत डीपी का लोकार्पण किया। डीपी स्थापित होने से ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज एवं विद्युत आपूर्ति की समस्याओं से राहत मिलेगी, जिससे घरेलू उपयोग के साथ-साथ कृषि कार्य भी सुचारू रूप से हो सकेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार किसान कल्याण और गरीब हितैषी सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना ही नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिलने पर ग्रामीणजनों को बधाई दी और विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी विकास की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आत्मनिर्भर और विकसित ग्राम की परिकल्पना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जल, बिजली और सड़क जैसे मूलभूत संसाधनों को मजबूत कर ही गांवों को समृद्ध बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जंप उपाध्यक्ष विक्रम भयड़िया, मंडल अध्यक्ष गोविंद आवासीय, नरीन मोरी सहित कई सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : विजय जैन


No Previous Comments found.