मुख्य अतिथियों ने नव दंपतियों को दिया आशीर्वाद
कट्ठीवाड़ा,जोबट और आलीराजपुर जनपद पंचायत में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन का किया गया आयोजन
आलीराजपुर- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन आज आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा,जोबट और आलीराजपुर जनपद पंचायत में किया गया। आलीराजपुर जनपद में कुल 57 जोड़ों का,जोबट में कुल 55 जोड़ों का और कट्ठीवाड़ा में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान,जोबट विधायक श्रीमती सेना पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री निधि मिश्रा, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ आलीराजपुर एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री निर्मला कलमे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने सभी नवदंपत्तियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि अब नवदंपति एक नए परिवार में प्रवेश कर रहे है सबके साथ अच्छे से रहे। उन्होंने सभी नव दंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका जीवन सुंदर, वैभवशाली, यशस्वी हो यही कामना है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को शादी समारोह में संकल्प दिलाए जिनमें सर्वप्रथम प्रकृति संरक्षण के लिए जंगल बचाने, पौधा लगाने का संकल्प दिलाया और कहा कि कट्ठीवाड़ा 'मिनी कश्मीर' के नाम से जाना जाता है इसलिए इसके संरक्षण के लिए हमें प्रयास करने है और पौधे लगाकर उनकी देखभाल करना है। तत्पश्चात मंत्री श्री चौहान ने सभी जोड़ो को सामूहिक रूप से नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया और कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए नशे का त्याग करे। किसी को अच्छा व्यापार,खेती किसानी, उद्योग करना है तो शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ ले।
जोबट विधायक श्रीमती सेना पटेल ने इस अवसर पर नए जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आज से नवदपतियों का नए जीवन का श्री गणेश हुआ है तो सभी अपने दोनों परिवार के साथ खुश रहे,जीवन भर साथ निभाना, अच्छे विचारों के साथ जीवन की शुरुआत कर जीवन को खुशहाल बनाना।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सभी जोड़ों को उनके सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह होने पर आप पूरे परिवार से जुड़ते है और दोनों परिवार को अपना कर साथ निभाना और हमेशा सम्मान करना। नवदम्पति अपनी जिम्मेदारी लेते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री चौहान द्वारा सभी नव विवाहित जोड़ों और उपस्थित जनों को नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलाई और सभी मुख्य अतिथियों द्वारा एक-एक जोड़ों से मुखातिब होकर उन्हें आशीर्वाद दिया गया।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम में ब्राह्मणों द्वारा गायत्री परिवार के विधि-विधान के साथ अग्नि के समक्ष सभी जोड़ों का वैवाहिक संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नवदंपत्तियों को सुखी, समृद्ध और मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा नव दम्पत्तियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। समारोह उपरांत सभी नवदंपत्तियों के लिए भोजन व्यव्स्था भी की गई।


No Previous Comments found.