कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने किया विद्युत डीपी का लोकार्पण

आलीराजपुर : मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने विधायक निधि से विभिन्न ग्रामों में स्वीकृत विद्युतीकरण कार्यों के अंतर्गत विद्युत डीपी लोकार्पण कर ग्रामीणों को बेहतर विद्युत सुविधा की सौगात दी।

विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने बताया कि कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने ग्राम पिपलियावाट में, ग्राम डेडकुंडा में, ग्राम बडदली में तथा ग्राम बयडिया के दो फलियों में किए गए विद्युतीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। 
ग्रामीणों ने लंबे समय से विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने की मांग रखी थी, जिसके बाद विधायक निधि से इन कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर पूर्ण कराया गया। नई डीपी स्थापित होने से संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा तथा कम वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष विक्रम भयड़िया, नरीन मोरी, मंडल अध्यक्ष गोविंद आवासीय सहित कई  जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं ग्रामीणजनों ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। लोकार्पण के बाद कैबिनेट मंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

रिपोर्टर : विजय जैन

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.