सेवा संकल्प अभियान के तहत सर प्रताप उत्कृष्ट विद्यालय में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
आलीराजपुर। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आलीराजपुर स्थित सर प्रताप उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बस स्टैंड में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य निरीक्षक के रूप में एल्डरमैन संदीप राही एवं मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता उपस्थित रहे साथ ही कार्यक्रम में विद्यालय की पालक समिति के अध्यक्ष दशमसिंह चौंगड़, निर्भयसिंह देवड़ा, गुजरिया डावर भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत, आधुनिक भारत, राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों से उनकी चित्रकलाओं के विषय में जानकारी ली और उनकी प्रतिभा एवं प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।इसके पश्चात विद्यालय परिसर में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। जिसके बाद स्वागत भाषण प्रभारी प्राचार्य नरोत्तम मेहता ने दिया।
"योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान"
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि देश में अनेक ऐसी योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना के साथ सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है। आज शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, खाद्य सुरक्षा, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। श्री गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ केवल स्वयं तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थी अपने परिवार, रिश्तेदारों, पड़ोसियों और मोहल्ले के लोगों को भी इनके बारे में जागरूक करें, ताकि पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं ने जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम उपलब्ध कराया है। इसी प्रकार किसानों, महिलाओं, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित योजनाएं उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं। गोविंदा गुप्ता ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन न करें, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझें। विद्यार्थी अपने अध्ययन, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
संदीप राही ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया
कार्यक्रम में एल्डरमैन संदीप राही ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने “सेवा संकल्प अभियान” की भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का कार्य नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और देश एवं समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।
"भाषण - चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बताया विकसित भारत का सपना"
भाषण प्रतियोगिता में कु.बबीता चौंगड़ व कुं.अनिता अजनार एवं अन्य कई विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने उद्बोधन में विकसित भारत की परिकल्पना, आधुनिक भारत की तस्वीर, तकनीकी प्रगति, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण तथा युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने कहा कि आज भारत तेजी से बदल रहा है और देश के विकास में युवाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचारों और कल्पनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। भाषण व चित्र कला प्रतियोगिता मे प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे छात्र छात्राओं क्रमश: राकेश कलेष,कु.बबीता चौंगड़ व दिपिका जमरा को भाषण हेतु व कु. सुहानी तड़वाल,रोहित हरवाल व विकास भिण्डे को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन विश्वजीत तंवर व दीपेन्द्र वाणी ने किया व आभार जितेन्द्रसिंह तंवर ने माना। इस अवसर पर बड़ी संख्या मै छात्र व छात्राएं व शिक्षक गण उपस्थित थे।
रिपोर्टर - विजय जैन
No Previous Comments found.