तालाब में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, परिवारवालों का रो - रो कर बुरा हाल

जलालपुर :   गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में 12 वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना विकास खंड भियांव की ग्राम पंचायत सेमरा में घटित हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमरा निवासी देवानंद शुक्ला का 12 वर्षीय पुत्र हनी शुक्ला गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के चार अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद हनी को तालाब से बाहर निकाला।

आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।

घटना की सूचना पर कटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हनी की असामयिक मौत से माता-पिता सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

रिपोर्टर : ब्रह्म प्रकाश तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.