आरआरसी सेंटर बना शोपीस, गांव नहीं पहुंचा एक भी कचरा, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल

जलालपुर :  विकास खंड भियांव की ग्राम पंचायत हाफिजपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाखों रुपये की लागत से निर्मित आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) अपनी उपयोगिता खोता नजर आ रहा है। घर-घर से कचरा एकत्र कर उसके वैज्ञानिक निस्तारण के उद्देश्य से बनाए गए इस केंद्र तक आज तक एक भी कचरा वाहन नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों के अनुसार आरआरसी सेंटर लंबे समय से बंद पड़ा है। केंद्र के आसपास घनी झाड़ियां उग आई हैं, जो इस बात का संकेत हैं कि यहां लंबे समय से न तो सफाई कराई गई और न ही कोई रखरखाव किया गया। कूड़ाघर का उपयोग न होने के कारण गांव का कचरा खुले स्थानों, सड़कों और नालियों के किनारे फेंका जा रहा है, जिससे गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाई गई यह महत्वपूर्ण व्यवस्था केवल शोपीस बनकर रह गई है। नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था न होने से गांव की स्वच्छता प्रभावित हो रही है और लोगों को दुर्गंध व गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से आरआरसी सेंटर को जल्द संचालित कराने, नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा केंद्र के आसपास सफाई व रखरखाव कराने की मांग की है, ताकि स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य धरातल पर पूरा हो सके।

रिपोर्टर : ब्रह्म प्रकाश तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.