अमेरिका ने भारत को पीस बोर्ड में शामिल होने का दिया न्योता

अमेरिका ने भारत को प्रस्तावित गाजा पीस बोर्ड में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया है। यह पहल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस व्यापक रणनीति का दूसरा चरण मानी जा रही है, जिसका लक्ष्य इस्राइल और हमास के बीच जारी संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करना है। हालांकि युद्धविराम लागू है, लेकिन इसके बावजूद गाजा में इजरायली हमलों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।

गुरुवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने गाजा पीस बोर्ड के दूसरे चरण के गठन की घोषणा करते हुए इसे शांति प्रक्रिया के लिए निर्णायक कदम बताया। प्रस्तावित बोर्ड के तहत गाजा के दैनिक प्रशासन को संभालने वाली एक तकनीकी समिति की निगरानी की जाएगी। यह व्यवस्था युद्धविराम से जुड़े ढांचे का अहम हिस्सा होगी। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य गाजा में स्थिरता बहाल करना, प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना और पुनर्निर्माण के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है। ट्रंप की योजना के अनुसार, गाजा को फिर से रहने योग्य और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन जुटाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक स्तर सुधर सके।

भारत को इस पहल से जोड़ने की दिशा में अमेरिका के भारत स्थित राजदूत सर्जियो गोरे ने एक विशेष संदेश साझा किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से पीस बोर्ड में शामिल होने का आमंत्रण दिया। अपने संदेश में गोरे ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि वे प्रधानमंत्री मोदी तक यह निमंत्रण पहुंचा रहे हैं। उनके अनुसार, यह बोर्ड गाजा में दीर्घकालिक शांति स्थापित करने, प्रभावी शासन को बढ़ावा देने और क्षेत्र में स्थिरता व समृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.