‘वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम् को भुलाया’ बोले अमित शाह
चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम्’ को लेकर तीखा हमला बोला। अमित शाह ने आरोप लगाया कि वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने ‘वंदे मातरम्’ को भुला दिया था।
अमित शाह ने कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन का जिक्र करते हुए कहा कि गान के दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से इसे रोकने के लिए कहा। अमित शाह ने कहा कि सोनिया गांधी का यह कथित कदम देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
अमित शाह ने कहा कि “80 साल के बाद बंकिम बाबू का ये अमर गान जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वो भी सोनिया गांधी को रास नहीं आता है।” उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासी इस पूरे घटनाक्रम को देख रहे हैं। अमित शाह ने कांग्रेस से वंदे मातरम् को लेकर देश की जनता और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा से माफी मांगने की अपील की।
गृह मंत्री ने कहा कि कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि ‘वंदे मातरम्’ को अधूरा छोड़ दिया जाए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर थोड़ी भी शर्म बची है तो कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। अमित शाह ने कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘वंदे मातरम्’ को फिर से नया आयुष्य देने का काम किया है। वहीं, रविवार को अमित शाह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके कुशल नेतृत्व में पोखरण में परमाणु परीक्षण हुआ और 1999 में भारत ने कारगिल युद्ध जीता। उन्होंने कहा कि इसी काम को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया।
No Previous Comments found.