रामनवमी पर आमला में उमड़ा आस्था का सैलाब, जय श्री राम के नारों से गूंजा पूरा शहर

आमला :  श्री रामनवमी के पावन अवसर पर आमला नगर में भव्य और विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्री कृष्ण मंदिर इतवारी चौक से प्रारंभ होकर यह शोभायात्रा एवं माता मंदिर बोड़खी, रेलवे कॉलोनी एवं मांझी मोहल्ला से निकली झाकियाँ मेन मार्केट,थाना हनुमान मंदिर होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंत्रोच्चारण के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं स्वास्थ्य की कामना करते हुए शोभायात्रा निकाली गई। श्री राम समिति के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भाग लिया। श्रद्धालु ट्राली, कार, जीप, मोटरसाइकिल एवं अन्य वाहनों के साथ राम भक्ति में लीन होकर "जय श्री राम" एवं "हर हर महादेव" के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। "राम जी की निकली सवारी, राम जी की लीला है न्यारी" जैसे भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां पानी, शरबत, जूस, फल एवं साबूदाना खिचड़ी का वितरण किया गया। तपती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।
आमला, बोड़खी एवं रेलवे कॉलोनी से निकली विभिन्न शोभायात्राएं बस स्टैंड पर एकत्रित हुईं, जहां पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। पुराने पुलिस थाने में आरती के पश्चात प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
विशेष बात यह रही कि शोभायात्रा के स्वागत में सभी वर्गों का सहयोग देखने को मिला। हिंदू संगठनों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों के साथ-साथ मुस्लिम एवं बोहरा समाज ने भी पीर मंजिल एवं मेन मार्केट में शरबत एवं जलपान की व्यवस्था कर आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


 रिपोर्टर : दिलीप चौकीकर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.