चकफैरी में आरआरसी सड़क निर्माण पर हंगामा, डंस्ट की जगह मिट्टी डालने से भड़के ग्रामीण

आदमपुर : गंगेश्वरी विकासखंड क्षेत्र के गांव चकफैरी में आरआरसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मानकों की अनदेखी करते हुए सड़क निर्माण में गड़बड़ी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत निधि से स्वीकृत यह सड़क गांव निवासी महेंद्र के घर से टीकाराम के घर तक बनाई जा रही है, जिसकी लंबाई लगभग 200 मीटर बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर डाले गए पत्थरों पर डंस्ट (गिट्टी का बुरादा) डालने के बजाय मिट्टी डलवाई जा रही है। जब इस बारे में ठेकेदार से आपत्ति जताई गई तो उसने हठधर्मी दिखाते हुए ग्रामीणों की बात को नजरअंदाज कर दिया और मिट्टी डलवाने पर अड़ा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का निर्माण कार्य पूरी तरह से मानक के विपरीत है और इससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग जारी रहा तो वे जिलाधिकारी से लिखित शिकायत करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार मनमानी कर सड़क को कागजों में पूरा दिखाना चाहता है, जबकि वास्तविकता में घटिया काम किया जा रहा है। ठेकेदार की इस मनमानी के खिलाफ गांव में ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन करने वालों में लेखराज, बलवीर, मलखान, कलीचरन, नेमचंद, महेश, हुकमसिंह, मुन्नी सिंह, मुकेश शर्मा, मंगली, धर्मवीर, पूरन सिंह, तेजेन्द्र, योगेंद्र, सोनू सहित दर्जनों लोग शामिल रहे। ग्रामीणों का कहना है कि वे मानक से समझौता बर्दाश्त नहीं करेंगे और जरूरत पड़ी तो उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।

रिपोर्टर  : पूरन सिंह अमरोहा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.