स्कूली बस ने मजदूर को मारी टक्कर : उपचार के दौरान मौत,दो घायल
हसनपुर : रहरा थाना क्षेत्र में एक स्कूली बस की टक्कर से हुए सड़क हादसे में घायल एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं। यह घटना सोमवार शाम को रहरा-पौरारा मार्ग पर हुई। पौरारा गांव निवासी 24 वर्षीय उमेश पुत्र तेजपाल अपने साथी जसपाल और नरेश के साथ बाइक पर मजदूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पौरारा की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उमेश, जसपाल और नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उमेश की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने उमेश को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक उमेश का शव घर पहुंचा तो परिवार में शोक छा गया। परिजनों ने बताया कि उमेश मेहनत मजदूरी करता था और उसकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने नौ भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। थानाध्यक्ष अतवीर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रिपोर्टर : रामवीर सिंह


No Previous Comments found.