दर्दनाक हादसा लकड़ी से लदे ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, एक की मौत, दो गंभीर
गजरौला : थाना क्षेत्र के कुमराला में लकड़ी से लदे ट्रैक्टर से बाइक सवारों की टक्कर का दर्दनाक मामला सामने आया है। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मुरादाबाद रेफर किया गया है।
हादसे के बाद पुलिस ने लकड़ी से लदे ट्रैक्टर को हिरासत में ले लिया है। घटना ने एक बार फिर सड़क पर लकड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के संचालन और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि क्या यह पहला मामला है? या फिर ऐसे कई मामले सामने आने से पहले ही दब जाते हैं। जो मामला सड़क हादसे के कारण सामने आ गया और मीडिया की नजरों में आ गया, उस पर तो कार्रवाई दिखाई देती है, लेकिन सवाल है कि ऐसे कितने मामले हैं जिनकी जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती?
लकड़ी से लदे वाहन क्षेत्र में खुलेआम दिखाई देते हैं। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि इन वाहनों की निगरानी और लकड़ी के परिवहन की जांच आखिर किस स्तर पर होती है।
इसी के साथ क्षेत्र में पेड़ों की कथित अवैध कटान को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। आरोप हैं कि कई जगह हरे-भरे आम के
पेड़ों समेत प्रतिबंधित श्रेणी के पेड़ों की रातों-रात कटाई कर लकड़ी को दूसरे स्थानों तक पहुंचा दिया जाता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। लोगों का कहना है कि यदि वन विभाग और संबंधित अधिकारियों द्वारा समय रहते प्रभावी निगरानी और जांच की जाए तो अवैध कटान तथा लकड़ी के अवैध परिवहन पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
अब बड़ा सवाल यही है कि इस दर्दनाक हादसे के बाद क्या वन विभाग लकड़ी से लदे वाहनों की जांच और अवैध कटान के मामलों में सख्ती करेगा, या फिर मामला कुछ दिनों बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा? फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारण और लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेजों की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : गौरव श्रीमाली

No Previous Comments found.