असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान हादसे का शिकार, लैंडिंग के दौरान लगी आग

असम के जोरहाट स्थित रौरिया एयरबेस पर शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना का एक AN-32 सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा विमान की लैंडिंग प्रक्रिया के दौरान हुआ।

बताया जा रहा है कि विमान एयरबेस पर उतरने के बाद नियंत्रण खो बैठा और उसमें आग लग गई। कुछ रिपोर्टों के अनुसार हादसे के बाद विमान दो हिस्सों में भी टूट गया। घटना के तुरंत बाद एयरबेस की फायर ब्रिगेड और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

AN-32 विमान का उपयोग मुख्य रूप से सैनिकों और सैन्य सामग्री की ढुलाई के लिए किया जाता है। शुरुआती सूचना के मुताबिक यह विमान नियमित परिचालन उड़ान पर था।

विमान में सवार पायलट और अन्य क्रू सदस्यों की स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। कुछ सूत्रों ने पायलट के हताहत होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

भारतीय वायुसेना ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि जोरहाट में AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है और विस्तृत जानकारी उपलब्ध होने पर आगे अपडेट जारी किए जाएंगे। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.