बांसडीहरोड में 165 करोड़ से बनेगा दो लेन का आरओबी
बलिया : बांसडीहरोड रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग संख्या 5सी/टी-3 पर दो लेन के रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के लगातार प्रयासों के बाद लोक निर्माण विभाग के सेतु विभाग ने प्रस्तावित 165 करोड़ रुपए के आरओबी का प्रारंभिक विस्तृत आगणन शासन को भेज दिया है। आरओबी के निर्माण से रेलवे फाटक बंद होने के दौरान क्रॉसिंग के दोनों ओर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयास से आगे बढ़ी प्रक्रिया
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने वर्ष 2023 में बलिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष बांसडीहरोड रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की मांग रखी थी। उन्होंने इस संबंध में पत्राचार करने के साथ ही लोक निर्माण विभाग और रेलवे को भी मांगपत्र दिया था। मंत्री के लगातार प्रयासों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय के बाद परियोजना की प्रक्रिया में तेजी आई। परियोजना को लेकर पिछले महीने जिलाधिकारी के नेतृत्व में संबंधित क्षेत्रीय लेखपालों की बैठक हुई थी, जिसमें प्रस्तावित आरओबी के लिए भूमि और अन्य आवश्यकताओं को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ अब शासन को प्रारंभिक विस्तृत आगणन भेजा गया है। इससे बांसडीहरोड में लंबे समय से चली आ रही रेलवे क्रॉसिंग की जाम की समस्या के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
रेलवे की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार 12 मई से 18 जून 2025 के बीच उक्त रेलवे क्रॉसिंग पर टीवीयू (ट्रेन व्हीकल यूनिट) 1,79,109 दर्ज किया गया। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन प्रभावित होता है। इसी को देखते हुए बांसडीहरोड में दो लेन के आरओबी के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
870.95 मीटर लंबा होगा आरओबी
प्रस्तावित आरओबी की कुल लंबाई 870.95 मीटर होगी। इसमें रेलवे हिस्से की लंबाई 656.70 मीटर, रेलवे क्षेत्र में प्रस्तावित संरचना की लंबाई 413.76 मीटर तथा मुख्य रेलवे हिस्से की लंबाई 176 मीटर प्रस्तावित है। दोनों ओर के एप्रोच की कुल लंबाई 375.51 मीटर निर्धारित की गई है।
सहतवार की ओर वायाडक्ट की लंबाई 238.90 मीटर और एप्रोच वॉल की लंबाई 136.61 मीटर प्रस्तावित है। विभाग के अनुसार आरओबी बनने के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने से उत्पन्न होने वाले जाम की समस्या काफी हद तक दूर होगी। इससे लोगों के समय और ईंधन की बचत होने के साथ ही क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
2023 में हुई थी आरओबी निर्माण की घोषणा
बांसडीहरोड में रेलवे उपरिगामी सेतु के निर्माण की घोषणा 27 फरवरी 2023 को चितबड़ागांव में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के शिलान्यास-पूजन कार्यक्रम के दौरान की गई थी। इसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। अब लोक निर्माण विभाग के सेतु विभाग की ओर से प्रारंभिक विस्तृत आगणन शासन को भेजे जाने के बाद परियोजना के धरातल पर उतरने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
रिपोर्टर : आनंद दुबे

No Previous Comments found.