अंकित बालियान मर्डर केस में पुलिस-STF की बड़ी कार्रवाई, 2 शूटर मारे गए

उत्तर प्रदेश के चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस और STF को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में हत्याकांड में शामिल दो कथित शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस के दो हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी घायल हुए हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सोमवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराध और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश के तहत पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

डीजीपी के मुताबिक, 26 अगस्त की शाम अंकित बालियान की चार हथियारबंद बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने के लिए 11 पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें चार एडिशनल एसपी भी शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच में सामने आया कि अंकित बालियान की हत्या अचानक नहीं की गई थी। आरोपियों ने वारदात से पहले उसकी रेकी की थी। पुलिस के मुताबिक, बदमाश अंकित के जिम आने-जाने की टाइमिंग और उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसके बाद मौका देखकर हथियारबंद शूटरों ने उस पर हमला कर हत्या कर दी। डीजीपी ने बताया कि 29 अगस्त तक पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली थी। अब उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि अंकित की हत्या कथित तौर पर गोगी गैंग के जरिए कराई गई थी। पुलिस इस एंगल से पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

राजीव कृष्ण ने 2021 में रोहिणी कोर्ट में हुई जितेंद्र गोगी की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस हत्याकांड से जुड़े एक गाने में अंकित बालियान ने अभिनय किया था। हालांकि, गाने के बोल और धुन अंकित के नहीं थे। पुलिस इस कनेक्शन को भी जांच के दायरे में रखकर हत्या के पीछे की पूरी साजिश को समझने की कोशिश कर रही है। डीजीपी के अनुसार, शुरुआती जांच से यह स्पष्ट है कि वारदात की पहले से योजना बनाई गई थी। शूटरों ने रेकी की और इसके बाद हत्या को अंजाम दिया। एनकाउंटर में शामिल शामली पुलिस और STF की टीम के लिए कुल 2 लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।

अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अंकित बालियान की हत्या की कथित सुपारी किसने दी, शूटरों को किसने मदद पहुंचाई और इस साजिश में गोगी गैंग से जुड़े कौन-कौन से लोग शामिल थे। दो कथित शूटरों के मारे जाने के बाद पुलिस को हत्याकांड की पूरी कड़ी जोड़ने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.