सुसाइड की कोशिश के बाद अनुराग डोभाल का अस्पताल से पहला वीडियो, मुस्कुराते नजर आए यूट्यूबर
Anurag Dobhal से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। देहरादून के इस मशहूर यूट्यूबर ने कुछ दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एक भावुक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि उनका परिवार इस समय उनका साथ नहीं दे रहा है। इसके बाद 7 मार्च की रात उन्होंने लाइव आकर ऐसा कदम उठाया जिसने सभी को हैरान कर दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, लाइवस्ट्रीम के दौरान अनुराग तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे और उन्होंने इसे अपनी “आखिरी ड्राइव” बताया। इसी दौरान उनकी कार का भयानक एक्सीडेंट हो गया, जिसमें गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस हादसे में उनकी जान बच गई, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण अनुराग पिछले कुछ समय से काफी परेशान थे और उन्होंने अपने फैंस के साथ भी अपनी भावनाएं साझा की थीं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले और कई टीवी सितारे उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
अस्पताल से सामने आया पहला वीडियो
हादसे के बाद अस्पताल से अनुराग डोभाल का पहला वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में वह अस्पताल के बेड पर लेटे हुए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देखने के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली।
यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर दीपक कथूरिया ने शेयर किया है। वीडियो में एक शख्स अनुराग से कहते हुए सुनाई देता है, “यूके07 भाई, तुम्हारा तो दूसरा जन्म हो गया।”
मैनेजर ने दिया स्वास्थ्य अपडेट
इस बीच अनुराग डोभाल के मैनेजर ने भी सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि अनुराग इस समय अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। मैनेजर ने यूके राइडर टीम की ओर से लोगों से अपील की है कि इस कठिन समय में बार-बार कॉल न करें और आधिकारिक अपडेट का इंतजार करें। उन्होंने यह भी कहा कि टीम समय-समय पर अनुराग की सेहत से जुड़ी जानकारी साझा करती रहेगी।

No Previous Comments found.