बेटे और बहू से कोई लेना-देना नहीं: यूट्यूबर अनुराग डोभाल को पिता ने संपत्ति से किया बेदखल
BY-UJJWAL SINGH
पॉपुलर यूट्यूबर अनुराग डोभाल इन दिनों काफी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. हाल ही में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल वे आईसीयू में इलाज करा रहे हैं. इसी बीच उनके परिवार से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है. अनुराग के पिता ने अखबार में विज्ञापन देकर साफ कर दिया है कि उनका अपने बेटे और बहू से अब कोई संबंध नहीं है और उन्हें अपनी संपत्ति से भी बेदखल कर दिया गया है. इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया है.
पिता ने अखबार में दिया सार्वजनिक विज्ञापन
इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब अनुराग डोभाल के पिता ने एक अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कराया. इस विज्ञापन में उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि वे अपने पुत्र अनुराग डोभाल और पुत्रवधु ऋतिका चौहान डोभाल को अपनी सभी चल और अचल संपत्तियों से बेदखल करते हैं.विज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में अनुराग या उनकी पत्नी द्वारा किए गए किसी भी कार्य, लेन-देन या निर्णय के लिए वे या उनका परिवार किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं होंगे। इस विज्ञापन में अनुराग के पिता जगदम्बा प्रसाद डोभाल ने अपना पूरा पता भी प्रकाशित किया, जिसमें देहरादून, उत्तराखंड का पता शामिल है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विज्ञापन
अखबार में छपे इस विज्ञापन की कटिंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. लोग इस खबर पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे पारिवारिक विवाद का गंभीर मामला मान रहे हैं, तो कुछ लोग इसे अनुराग के हालिया बयानों से जोड़कर देख रहे हैं.दरअसल, कुछ समय पहले अनुराग डोभाल ने अपने वीडियो में परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे.उन्होंने कहा था कि उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रताड़ित किया जा रहा है और उनसे परिवार, पैसा और रिश्ते सब कुछ छीन लिया गया है.
/newsnation/media/media_files/2026/03/05/anurag-dobhal-1-2026-03-05-15-04-32.jpg)
वीडियो में लगाए थे गंभीर आरोप
अनुराग डोभाल ने अपने वीडियो में यह भी कहा था कि उन्हें इतना परेशान किया जा रहा है कि अब उनके लिए जीना मुश्किल हो गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की जा रही है. उनके इन आरोपों के बाद यह मामला पहले ही चर्चा में था, लेकिन अब पिता द्वारा दिया गया सार्वजनिक विज्ञापन इस विवाद को और भी ज्यादा गंभीर बना रहा है. फिलहाल अनुराग अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और इस पूरे मामले को लेकर लोगों की नजरें आगे आने वाले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं.

No Previous Comments found.