मुलायम परिवार में हलचल: प्रतीक यादव के सोशल मीडिया पोस्ट से अपर्णा यादव संग तलाक की खबरों ने पकड़ा तूल-

 

मुलायम परिवार में हलचल: प्रतीक यादव के सोशल मीडिया पोस्ट से अपर्णा यादव संग तलाक की खबरों ने पकड़ा तूल-

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सबसे प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवारों में से एक, मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक रहे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतिक यादव के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक की बात कही है। इस खबर के सामने आते ही सियासी गलियारों और सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म हो गया है।

क्या है पूरा मामला?
प्रतीक यादव के सोशल मीडिया हैंडल से साझा किए गए पोस्ट में अपर्णा यादव के साथ उनके वैवाहिक संबंधों के टूटने का संकेत दिया गया है। हालांकि, परिवार की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण नहीं आया है, लेकिन वायरल पोस्ट ने चर्चाओं को हवा दे दी है। गौरतलब है कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अपर्णा यादव ने समाजवादी पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया था, जिसके बाद से ही उनके और परिवार के बीच अनबन की खबरें अक्सर आती रहती थीं।

कौन हैं अपर्णा यादव?
अपर्णा यादव का जन्म 5 फरवरी 1990 को हुआ था। वह वरिष्ठ पत्रकार अरविंद सिंह बिष्ट और लखनऊ नगर निगम की अधिकारी अंबी बिष्ट की सुपुत्री हैं। उनके पिता सपा सरकार के दौरान सूचना आयुक्त के पद पर भी रहे थे। अपर्णा की शिक्षा लखनऊ के प्रतिष्ठित लोरेटो कॉन्वेंट से हुई, जिसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के मैनचेस्टर विश्वविद्यालय से 'इंटरनेशनल रिलेशन एंड पॉलिटिक्स' में मास्टर डिग्री हासिल की।

बचपन का प्यार और शादी-
प्रतीक और अपर्णा की प्रेम कहानी स्कूल के दिनों से शुरू हुई थी। बताया जाता है कि महज 12 साल की उम्र में प्रतीक ने अपर्णा को ईमेल के जरिए प्रपोज किया था। लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने शादी की थी। अब इस हाई-प्रोफाइल रिश्ते में दरार की खबरों ने शुभचिंतकों और समर्थकों को चौंका दिया है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.