E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का बड़ा ऐलान! बोले- BJP हारी तो 5 दिन में बंद कर देंगे
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को गोवा में E20 पेट्रोल के खिलाफ दूसरा टाउनहॉल किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा और E20 पेट्रोल को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। केजरीवाल ने कहा कि अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में गोवा और उत्तर प्रदेश में बीजेपी हार जाती है, तो 10 मार्च को चुनाव नतीजे आने के बाद 15 मार्च तक E20 पेट्रोल वापस हो जाएगा।
केजरीवाल ने बीजेपी पर राजनीतिक अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे लगता है कि जनता उसी को वोट देगी और सरकार भी उसी की बनेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे E20 पेट्रोल से परेशान हैं तो इस बार बीजेपी को वोट न दें।
केजरीवाल ने गोवा में E20 पेट्रोल को लेकर लोगों की परेशानी का दावा करते हुए कहा कि राज्य में 87 प्रतिशत लोग टू-व्हीलर चलाते हैं, जबकि 47 प्रतिशत लोगों के पास फोर-व्हीलर हैं। उन्होंने कहा कि अगर गोवा की जनता इस बार बीजेपी को हरा देती है, तो E20 पेट्रोल को पांच दिन के अंदर वापस कर दिया जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह अपनी राजनीति छोड़ देंगे। AAP नेता ने कहा कि अगर 10 मार्च 2027 के बाद गोवा में उनकी सरकार बनती है, तो अगले पांच दिनों में राज्य में एथेनॉल मिले पेट्रोल की बिक्री पर रोक लगा दी जाएगी।
इससे पहले सोमवार को भी केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर सरकार पर कई आरोप लगाए थे। उनका दावा है कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों के इंजन और फ्यूल सिस्टम प्रभावित हो रहे हैं और माइलेज में भी कमी आ रही है। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें E20 को लेकर हजारों WhatsApp मैसेज और सोशल मीडिया कमेंट मिले हैं, जिनमें लोगों ने अपनी परेशानियां साझा की हैं।
केजरीवाल ने E20 नीति को चीनी की कीमतों से भी जोड़ते हुए आरोप लगाया कि बड़ी मात्रा में गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर भेजा गया है। उनके मुताबिक करीब 25 लाख टन चीनी के बराबर गन्ने को एथेनॉल बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, केंद्र सरकार विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुकी है। केंद्र का कहना है कि घरेलू मांग पूरी करने के लिए देश में पर्याप्त चीनी का स्टॉक मौजूद है और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए उद्योग को जिम्मेदार ठहराया गया है।
फिलहाल E20 पेट्रोल का मुद्दा गोवा की राजनीति में बड़ा चुनावी मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। एक तरफ अरविंद केजरीवाल इसे वाहन मालिकों और आम लोगों की परेशानी से जोड़कर बीजेपी पर हमला कर रहे हैं, वहीं केंद्र सरकार उनके आरोपों को खारिज कर चुकी है। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में E20 पेट्रोल कितना बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता है और केजरीवाल की पांच दिन में इसे वापस लेने की चुनौती का क्या असर होता है।
No Previous Comments found.