दतिया उपचुनाव में प्रचार के लिए जिले से पहुंचे पदाधिकारी
अशोकनगर : दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उदगवा मंडल में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं के साथ बूथ स्तर पर बैठकें कीं और मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल के मार्गदर्शन में अशोकनगर से पहुंचे पदाधिकारियों ने उदगवा मंडल के निनोरा, पलोथर और चोपड़ा सहित तीन शक्ति केंद्रों के 10 बूथों का दौरा किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आयोजित कर बूथ जीता, चुनाव जीता के मंत्र के साथ प्रत्येक बूथ पर जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया गया। इसके बाद घर-घर जनसंपर्क कर ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान की अपील की गई। अभियान के दौरान ग्राम पलोथर स्थित भाजपा कार्यालय में जनसभा को संबोधित किया गया तथा शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन की रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। चिकित्सा प्रकोष्ठ की टीम ने निजी चिकित्सकों, मेडिकल स्टोर्स संचालकों एवं आम नागरिकों से भी संपर्क कर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारी दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा देवी के दर्शन किए और भाजपा की प्रचंड विजय की कामना की।
रिपोर्टर : दीपेश
No Previous Comments found.