अटल जी को याद कर भावुक हुए CM योगी, बोले- राजनीति से ऊपर रखा देशहित
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी ने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने हमेशा राजनीति से ऊपर देशहित को रखा और हर भूमिका में राष्ट्र को सर्वोपरि माना।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रदेश की जनता की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी के श्रीचरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व जितना सरल और सहज था, उनके संकल्प उतने ही मजबूत और अडिग थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा 370 के विरोध में चले सत्याग्रह से हुई थी। उन्होंने सांसद, विदेश मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन उनके जीवन का मूल मंत्र हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ रहा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल जी ने जरूरत पड़ने पर पार्टी हित से ऊपर देशहित को रखा। आपातकाल के दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और जनता पार्टी के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1962, 1965 और 1971 के युद्धों के दौरान भी उन्होंने एक जिम्मेदार सांसद के रूप में सरकार और देश के साथ खड़े होकर राष्ट्र को मजबूती देने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कारगिल संघर्ष को याद करते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति को देखा। उन्होंने भारत की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए और परमाणु शक्ति के रूप में भारत की पहचान मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि महान विचारक, कवि और राष्ट्रभक्त थे। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने अपने आचरण से साबित किया कि राजनीति सेवा का माध्यम हो सकती है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि देश उन्हें सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा।
No Previous Comments found.